📍 सिंगारपुर, तहसील भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा, छत्तीसगढ़़ 📞 +91 7898873128  |  ✉️ sess.helpdesk@gmail.com

हमारी कहानी — एक विचार से संस्था तक

हमारी कहानी

एक विचार से संस्था तक

एक सवाल से शुरू हुई यात्रा, एक छोटी पहल से बनी पहचान

हर बड़े बदलाव की शुरुआत बड़े संसाधनों से नहीं होती, कई बार उसकी शुरुआत एक छोटे से सवाल से होती है।

🌱 शुरुआत एक सवाल से हुई

हम गांव के कुछ मित्र थे और अपने गांव तथा आसपास के ग्रामीण जीवन को बहुत करीब से देखते थे। बच्चों की शिक्षा, युवाओं की स्थिति और सीमित अवसरों की समस्याएं हमारे सामने थीं।

एक दिन गांव में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया जाना था। लेकिन उस कार्यक्रम के दौरान हमारे मन में एक सवाल उठा—

क्या हमारे गांव में प्रतिभा की कमी है?
या
प्रतिभा को अवसर की कमी है?

यही सवाल धीरे-धीरे हमारी सोच का विषय बन गया।

📚 स्कूल है, लेकिन अवसर कितने हैं?

हमने अपने आसपास के बच्चों को समझने की कोशिश की। अधिकांश बच्चे स्कूल जाते हैं और शिक्षक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पढ़ाते हैं। लेकिन जब एक कक्षा में विद्यार्थियों की संख्या अधिक होती है, तो हर बच्चे को उसकी जरूरत के अनुसार व्यक्तिगत मार्गदर्शन मिल पाना हमेशा आसान नहीं होता।

मध्यम और निम्न आय वाले परिवारों में माता-पिता आजीविका और परिवार की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते हैं। कई माता-पिता स्वयं अधिक पढ़े-लिखे नहीं हैं। ऐसे में कई बार बच्चों का स्कूल जाना ही पर्याप्त समझ लिया जाता है।

लेकिन आज के प्रतिस्पर्धी समय में केवल सामान्य स्कूली शिक्षा पर्याप्त नहीं है। बच्चों को विषयों की अतिरिक्त समझ, मार्गदर्शन, प्रतियोगी तैयारी, डिजिटल ज्ञान और रोजगार से जुड़े कौशल की भी आवश्यकता है।

निजी ट्यूशन और कोचिंग हर परिवार के लिए संभव नहीं थी। दूरी, आर्थिक स्थिति और जागरूकता की कमी भी कई बच्चों के सामने बड़ी बाधा थी।

तब हमने खुद से पूछा—
“क्या हम कुछ कर सकते हैं?”

🤝 इच्छा बड़ी थी, संसाधन सीमित थे

हम स्वयं साधारण मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले लोग थे। हमारे पास सीमित संसाधन थे और हम व्यक्तिगत रूप से पूरे वर्ष सभी बच्चों की फीस, शिक्षक मानदेय और अन्य खर्च उठाने की स्थिति में नहीं थे।

फिर भी हमने तय किया कि संसाधनों की कमी के कारण शुरुआत को रोका नहीं जाएगा। हमने पहले यह समझने की कोशिश की कि यदि कक्षा 9वीं से 12वीं तक गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे विषयों में अतिरिक्त शिक्षा दी जाए, तो शिक्षक मानदेय, भवन, स्टेशनरी और अन्य आवश्यकताओं पर कितना खर्च आएगा।

प्रारंभिक अनुमान
₹2-3 लाख+
अनुमानित वार्षिक आवश्यकता
“छोटी शुरुआत करना, शुरुआत न करने से बेहतर है ।”

💬 जनसहयोग की पहली कोशिश

हमने सोचा कि जिस तरह लोग क्रिकेट प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों में सहयोग करते हैं, उसी तरह बच्चों की शिक्षा के लिए भी समाज सहयोग करेगा।

हमने लोगों के सामने अपनी योजना रखी। लोगों ने विचार की प्रशंसा की और कहा कि बच्चों के लिए ऐसा प्रयास होना चाहिए, लेकिन उस समय अपेक्षित आर्थिक सहयोग प्राप्त नहीं हो पाया।

हमने जनप्रतिनिधियों और जनदर्शन के माध्यम से भी अपनी बात रखी। सकारात्मक आश्वासन मिले, लेकिन उस समय वास्तविक आर्थिक सहयोग हमारे प्रयास के अनुरूप नहीं मिल पाया।

इसके बाद हमने कुछ शिक्षित और नौकरीपेशा लोगों से भी चर्चा की। वहीं हमें एक ऐसी बात सुनने को मिली, जिसने हमारी सोच बदल दी।

हमें कहा गया—
“चंदा तब मिलेगा,
जब तुम कुछ करके दिखाओगे।”

यह बात हमारे लिए एक चुनौती भी थी और एक महत्वपूर्ण सीख भी। हमने समझा कि समाज का विश्वास केवल बातों से नहीं, बल्कि काम, परिणाम और पारदर्शिता से बनता है।

💡 सहयोग केवल पैसे से नहीं होता

हमें यह भी समझ आया कि किसी अच्छे कार्य में सहयोग केवल नकद राशि के रूप में ही नहीं होता। किसी के पास पैसा हो सकता है, किसी के पास संसाधन, किसी के पास भवन, किसी के पास सामान और किसी के पास अपना समय और ज्ञान।

🖥️
संसाधन
🏫
भवन
🪑
फर्नीचर
👨‍🏫
समय और ज्ञान

💻 गांव में कंप्यूटर शिक्षा की पहल

हमारे आसपास कुछ बच्चे और युवा ऐसे थे जिन्होंने पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी, लेकिन वे कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान सीखना चाहते थे।

कंप्यूटर सीखने के लिए उन्हें लगभग 15 किलोमीटर दूर शहर जाना पड़ता था। दूरी, आने-जाने का खर्च और समय उनके लिए बड़ी बाधा थे।

तब एक विचार आया—
“क्यों न कंप्यूटर शिक्षा को ही गांव तक लाया जाए?”

🙏 सहयोग से बनी पहली व्यवस्था

अब विचार तैयार था, लेकिन उसे जमीन पर उतारने के लिए संसाधनों की आवश्यकता थी। हमने जरूरत के अनुसार लोगों से संपर्क किया और अपनी योजना समझाई।

🖥️

कंप्यूटर सेट का सहयोग

हमने हमारे क्षेत्र के युवा जनप्रतिनिधि के सामने इस बात को लेकर गए उनकोको बताया कि गांव के बच्चों को कंप्यूटर सीखने के लिए लगभग 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। गांव में ही प्रशिक्षण मिलने से बच्चों का समय और आने-जाने का खर्च बच सकता था। पहल के उद्देश्य को समझते हुए विचार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने आवश्यक कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराने में सहयोग किया।

🏫

ग्राम पंचायत का सहयोग

प्रशिक्षण के लिए स्थान की आवश्यकता थी। हमने ग्राम पंचायत सरपंच के सामने अपनी योजना रखी और बताया कि उपलब्ध भवन का उपयोग गांव के बच्चों के शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए किया जा सकता है। ग्राम पंचायत ने प्रशिक्षण के लिए भवन उपलब्ध कराया।

🪑

फर्नीचर की व्यवस्था

बच्चों के बैठने और प्रशिक्षण को व्यवस्थित करने के लिए फर्नीचर की आवश्यकता थी। इसके लिए विद्यालय के साथ समन्वय किया गया और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से फर्नीचर की व्यवस्था की गई।

📚

स्टेशनरी की व्यवस्था

प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक स्टेशनरी और छोटी-छोटी जरूरतों की कुछ व्यवस्था हमने स्वयं अपने स्तर पर की। हमारा मानना था कि समाज से सहयोग लेने के साथ अपनी क्षमता के अनुसार स्वयं योगदान देना भी जरूरी है।

👨‍🏫

युवाओं का समय और ज्ञान

मशीन और भवन से प्रशिक्षण नहीं चल सकता था। कुछ युवाओं ने इस पहल को बच्चों के भविष्य से जुड़ा कार्य समझकर बिना मानदेय अपना समय और ज्ञान देने के लिए आगे आए।

किसी एक व्यक्ति ने पूरी व्यवस्था नहीं की।

किसी ने कंप्यूटर दिया, किसी ने भवन उपलब्ध कराया, किसी ने फर्नीचर में सहयोग किया, किसी ने स्टेशनरी दी और किसी ने अपना समय व ज्ञान दिया।

यही हमारे लिए जनसहयोग का वास्तविक अर्थ बना।
एक महत्वपूर्ण शुरुआत
1 जुलाई 2026
निःशुल्क बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण
प्राथमिक शाला प्रांगण, सिंगारपुर
36
विद्यार्थी
3
प्रशिक्षण बैच
निःशुल्क
बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण


❓ लेकिन हमारी मुख्य पहल अभी बाकी थी...

कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू हो गया था, लेकिन हमने महसूस किया कि हमारी मूल पहल अभी शुरू होना बाकी थी।

जिस सवाल से हमारी यात्रा शुरू हुई थी—गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अवसर का सवाल— उसका समाधान अभी बाकी था।

अब हमारे सामने कई नए सवाल थे—

  • क्या कक्षा 9वीं से 12वीं तक के बच्चों को अतिरिक्त मार्गदर्शन दिया जा सकता है?
  • क्या गणित, विज्ञान और अंग्रेजी में निःशुल्क सहायता दी जा सकती है?
  • जो बच्चे महंगी कोचिंग नहीं ले सकते, उनके लिए क्या व्यवस्था हो सकती है?
  • शिक्षकों का मानदेय कैसे सुनिश्चित होगा?
  • कक्षाएं नियमित रूप से कैसे चलेंगी?
  • विद्यार्थियों की उपस्थिति और प्रगति कैसे दर्ज होगी?
  • इस प्रयास को वर्षों तक कैसे जारी रखा जाएगा?

💰 आर्थिक सहयोग के साथ विश्वास भी जरूरी था

अब हमें समझ आ चुका था कि इस कार्य को लंबे समय तक चलाने के लिए समाज से आर्थिक सहयोग लेना आवश्यक होगा। लेकिन आर्थिक सहयोग के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी होगी— समाज का विश्वास बनाए रखना।

हमारा उद्देश्य केवल चंदा जुटाना नहीं था। हमारा उद्देश्य था कि जिस विद्यार्थी को हम शिक्षा दें, उसे वास्तव में कुछ सीखने का अवसर मिले और जिस व्यक्ति ने सहयोग किया, उसे अपने सहयोग के सही उपयोग पर भरोसा रहे।

✓ नियमित कक्षाएं
✓ विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड
✓ निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण
✓ अभ्यास और वास्तविक सीख पर ध्यान
✓ मूल्यांकन और प्रगति पर ध्यान
✓ सहयोग और संसाधनों में पारदर्शिता

🏛️ संगठित संस्था बनाने की जरूरत क्यों महसूस हुई?

जैसे-जैसे कार्य आगे बढ़ा, हमें महसूस हुआ कि यदि इस प्रयास को लंबे समय तक चलाना है, तो इसे केवल कुछ मित्रों के व्यक्तिगत प्रयास तक सीमित नहीं रखा जा सकता।

हम चाहते थे कि यह कार्य किसी एक व्यक्ति की मौजूदगी पर निर्भर न रहे। इसके लिए एक ऐसी संगठित और पंजीकृत संस्था की आवश्यकता महसूस हुई, जिसकी अपनी पहचान हो, जिम्मेदारियां स्पष्ट हों और जो समाज के प्रति जवाबदेह हो।

संस्था के रूप में आगे बढ़ने का उद्देश्य

✓ कार्य को औपचारिक और संगठित स्वरूप देना

✓ जनसहयोग को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना

✓ विद्यार्थियों और प्रशिक्षण का रिकॉर्ड रखना

✓ शिक्षा एवं कौशल विकास के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाना

✓ इस प्रयास को स्थायी और निरंतर स्वरूप देना

🌟 विचार से संस्था तक

01. प्रतिभा सम्मान समारोह में एक सवाल उठा।

02. ग्रामीण बच्चों की शिक्षा और अवसर की स्थिति को समझा।

03. सीमित संसाधनों के बावजूद शुरुआत करने का निर्णय लिया।

04. जनसहयोग की कोशिश की और विश्वास की आवश्यकता समझी।

05. संसाधन, भवन, समय और ज्ञान के रूप में सहयोग जुटाया।

06. 1 जुलाई 2026 को निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू किया।

07. आगे के बड़े शैक्षणिक उद्देश्य के लिए संगठित संस्था की आवश्यकता महसूस हुई।

हमारा विश्वास

शिक्षा से सशक्तिकरण

हम मानते हैं कि किसी बच्चे के भविष्य को बदलने के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती।

कभी एक शिक्षक का समय,
कभी एक कंप्यूटर,
कभी एक किताब,
कभी एक कमरा,
और कभी किसी व्यक्ति का छोटा-सा सहयोग—

किसी बच्चे के भविष्य की शुरुआत बन सकता है।

❝

एक विद्यार्थी को अवसर देना केवल उसकी मदद करना नहीं है,
बल्कि उसके भविष्य को एक नई दिशा देना है।

❞
Shiksha Evam Sashaktikaran Seva Sansthan, Singarpur
शिक्षा • कौशल • जागरूकता • सशक्तिकरण
← होमपेज पर वापस जाएँ